अफसर ने दिया 50 लाख का मानहानि नोटिस, उग्र किसान संगठन ने चेताया

आरटीआई में किसान ने मांगी थी जानकारी
रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज । सहकारिता विभाग के निरीक्षक एवं सहायक लोक सूचना अधिकारी रायसेन द्वारा गैरतगंज तहसील के एक किसान पर 50 लाख का मानहानि का नोटिस दिए जाने के खिलाफ किसान संगठन उग्र हो गया है तथा संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम पल्लवी वैद्य को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में किसान संगठन में बताया कि बीते दिनों क्षेत्रीय किसान एवं संगठन के नेता मुकेश धाकड़ द्वारा रायसेन सहकारिता विभाग में आरटीआई अधिनियम के तहत कुछ जानकारी मांगी थी समय सीमा में जानकारी विभाग द्वारा नही दी गई। अपील करने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश की अवहेलना करते हुए जिम्मेदार सहकारिता के निरीक्षक एवं सहायक लोक सूचना अधिकारी अनुराग भल्ला द्वारा जानकारी नही दी। उनके द्वारा शासन के सूचना के अधिकार अधिनियम 2005 में बनाये गए सारे नियमों को ठेंगा दिखा दिया गया। इस पूरे मामले में किसान को जानकारी तो नही दी पर दबाव बनाने एवं धमकी देने का प्रयास किया तथा 50 लाख का मानहानि का नोटिस उनके वकील द्वारा भेजा गया। जबकि गलती पूरी अनुराग भल्ला की है वे विभाग में हो रही गड़बड़ी को छुपाने के उद्देश्य से जानकारी देने से कतरा रहे है। तथा झूठी कागजी खानापूर्ति कर जानकारी दिए जाने का दावा कर रहे है, जबकि किसान को आधी अधूरी अस्पष्ट जानकारी समय सीमा निकल जाने के बाद भेजी। किसानों का आरोप है कि इस सब घटनाक्रम में सहकारिता निरीक्षक द्वारा किसानों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। किसान संगठन ने ज्ञापन सौंपकर आरटीआई के तहत मांगी गई प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराने, अधिनियम के नियमानुसार समय सीमा में जानकारी नही दिए जाने के एवज में 25 हजार का अर्थदंड लगाने, सहायक लोक सूचना अधिकारी अनुराग भल्ला पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं 15 दिवस में कार्रवाई नहीं होने पर किसान संगठन ने सहकारिता मंत्री एवं जिला सहकारिता विभाग के अधिकारियों का पुतला दहन कर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे।



