गोहरा काटने से युवक की मौत, मृतक की बहनों ने अर्थी में बांधी राखी
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मढिय़ा गुसाई में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां पर सोमवार को रक्षाबंधन के दिन एक किसान युवक मवेशियों को चारा लाने खेत पर गया था। चारा काटते समय गोहरा नामक जीव ने पैर में काट लिया। जब युवक ने देखा कि मुझे काटने वाला जीव गोहरा है, तब उसने हंसिया से अपने पैर की चमड़ी को छील दिया और वहां से घर आ गया।
घटना के बारे में परिजन को जानकारी लगते ही परिजन बगैर विलंब किए हुए निजी वाहन से सागर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज उपचार के लिए लेकर पहुंचे। उपचार के बाद कुछ देर तक युवक ठीक रहा। मंगलवार सुबह 4 बजे युवक की हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक युवक कल्याण यादव पिता सरयू प्रसाद यादव निवासी मढिय़ा गुसाईं का रहने वाला था। सबसे दुखद तो यह बात हुई की बहनों से राखी बंधवाने से पूर्व यह घटना हुई थी। जब आज युवक की लाश घर पर पहुंची तो परिजन समेत उसकी बहनों का रो-रो कर बुरा हाल था। घर से अर्थी उठने से पहले मृतक की बहनों ने भाई को अर्थी पर राखी बांध कर अंतिम विदाई दी। इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।



