मध्य प्रदेश

आंदोलन का असर: प्रशासन ने मानीं कई मांगें, कार्रवाई का दिया भरोसा

विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के ज्ञापन के बाद एसडीओपी, पटवारी और सुमित दुबे प्रकरण सहित कई मुद्दों पर बनी सहमति
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, जिला सिहोरा द्वारा किए गए आंदोलन और सौंपे गए ज्ञापन का असर दिखाई दिया है । संगठन द्वारा उठाए गए कई प्रमुख मुद्दों पर प्रशासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है । संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में एसडीओपी को हटाने, पोंडा पटवारी के विरुद्ध कार्रवाई, सुमित दुबे प्रकरण में एफआईआर, डीजे एवं साउंड व्यवस्था, गरबा पंडालों में आपत्तिजनक गानों पर रोक, गोसलपुर क्षेत्र से संबंधित शिकायतों की जांच तथा क्षेत्र की अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया | प्रशासन की ओर से एसडीओपी को आगामी पांच दिवस के बाद हटाने, पोंडा पटवारी को हटाने की कार्रवाई तथा सुमित दुबे प्रकरण में नियमानुसार एफआईआर दर्ज करने का आश्वासन दिया गया । वहीं धार्मिक आयोजनों में निर्धारित व्यवस्था का पालन कराने और गरबा पंडालों में अश्लील एवं आपत्तिजनक गानों पर रोक सुनिश्चित करने की बात भी कही गई । इसके साथ ही गोसलपुर क्षेत्र से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित करने तथा आंदोलन के दौरान उठाए गए अन्य प्रमुख विषयों के निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा प्रशासन ने दिया है । विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन द्वारा उठाए गए मुद्दे किसी व्यक्ति विशेष से जुड़े न होकर जनहित और क्षेत्र की व्यवस्थाओं से संबंधित हैं | संगठन ने प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासनों का स्वागत करते हुए कहा कि निर्धारित समय में कार्रवाई होने की उम्मीद है । साथ ही संगठन ने स्पष्ट किया कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगे की रणनीति तय की जाएगी । ज्ञापन एवं आंदोलन के दौरान विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button