मध्य प्रदेश

प्राचीन सन्यासी मंदिर व राम मंदिर भूमि से अतिक्रमण हटाने बजरंग दल ने SDM को सौंपा ज्ञापन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले की बहोरीबंद में पुरानी बाजार स्थित प्राचीन सन्यासी मंदिर एवं राम मंदिर क्षेत्र की भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर बजरंग दल प्रखंड बहोरीबंद ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है । संगठन ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बहोरीबंद को ज्ञापन सौंपकर मंदिर की भूमि एवं मंदिर तक आने-जाने वाले मार्ग का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सत्यापन, सीमांकन तथा अतिक्रमण हटाने की मांग की है ।
ज्ञापन में बताया गया है कि सन्यासी मंदिर क्षेत्र धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है । वर्तमान में मंदिर की भूमि पर अतिक्रमण होने तथा मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर भी कब्जा होने के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर तक आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है । संगठन ने इस स्थिति को धार्मिक स्थल की सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा की दृष्टि से गंभीर विषय बताया है ।
बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि सन्यासी मंदिर की भूमि एवं मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग का राजस्व अभिलेखों के आधार पर सत्यापन एवं सीमांकन कराया जाए । साथ ही अतिक्रमण वाले स्थानों का स्वतंत्र एवं पारदर्शी निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मंदिर की भूमि एवं मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया जाए ।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज सार्वजनिक मार्ग को चिन्हित कर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए सुगम बनाया जाए । प्राचीन सन्यासी मंदिर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व को देखते हुए संबंधित पुरातत्व विभाग से आवश्यक जांच कराने तथा राम मंदिर की भूमि एवं परिसर का भी राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर सत्यापन और सीमांकन कर उसे सुरक्षित रखने की मांग की गई है ।
बजरंग दल ने प्रशासन से दोनों धार्मिक स्थलों की भूमि एवं मार्गों पर भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है । संगठन ने उम्मीद जताई कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र स्थल निरीक्षण, सीमांकन एवं नियमानुसार कार्रवाई करेगा, जिससे श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो ।

Related Articles

Back to top button