जहरीली शराब से मौतों के विरोध में कस्बा बम्होरी में कांग्रेस का प्रदर्शन

स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रोका
रिपोर्टर : विपिन शर्मा
बम्होरी। सिलवानी विधानसभा कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस के नेतृत्व में मेघनगर बस स्टैंड, बम्होरी में बंडा विधानसभा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई 20 से अधिक लोगों की मौतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला दहन करने का प्रयास किया। हालांकि, थाना बम्होरी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुतला दहन को रोक दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में सिलवानी विधानसभा, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि जहरीली शराब से हुई मौतों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए एवं मृतको के परिजनों को सरकारी नौकरी एवं एक करोड़ की मुआवजा राशि मिलना चाहिए, साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की।
बम्होरी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि गांव-गांव अवैध रूप से बिक रही शराब और शराब माफियाओं के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस जल्द ही उग्र आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से टीकम पटेल, मदनलाल नेमा, महेंद्र पुरी गोस्वामी, आधार सिंह कुकरैया, बाबू रजक, दुर्गेश लोधी, विश्वनाथ पटेल, विक्की पटेल, रामसिंह लोधी, मंसूर खान, लखन पटेल, राजकुमार लोधी, दीनदयाल लोधी, हेमंत लोधी एवं दिगंबर पटेल, पवन सोनी, शेख अबरार भाई, सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



