जिला योजना समिति के गठन के लिए सम्मिलन 14 जून को

निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित
रिपोर्टर : बृजेन्द्र कुशवाहा
नरसिंहपुर। जिला योजना समिति में जिला पंचायत, नगरपालिका तथा नगर परिषद के सदस्यों के निर्वाचन के लिए 14 जून को प्रात: 11 बजे से क्रमश: जिला पंचायत के लिए जिला पंचायत के सभाकक्ष में और नगरपालिका परिषद- नरसिंहपुर, गाडरवारा, गोटेगांव व करेली तथा नगर परिषद तेन्दूखेड़ा, चीचली, सांईखेड़ा व सालीचौका (बाबई कलां) के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्मिलन का आयोजन किया गया है।
कलेक्टर ऋजु बाफना द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रात: 11 बजे से 11.30 बजे तक माननीय सदस्यों की उपस्थिति एवं सम्मिलन के संबंध में संक्षिप्त जानकारी प्रदान करना, प्रात: 11.30 बजे से एक बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त करना, अपरान्ह एक बजे से 2 बजे तक नामनिर्देशन पत्रों की जांच एवं वैध पाये गये नामांकन पत्रों की घोषणा, अपरान्ह 2 बजे से 2.30 तक नामांकन पत्र वापस लेना, अपरान्ह 2.30 से 3 बजे तक अभ्यर्थियों की सूची जारी करना, मतपत्र तैयार करना, अपरान्ह 3.30 से 4.30 तक मतदान का समय होगा। मतदान के पश्चात मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जायेगी।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश जिला योजना समिति (संशोधन) अधिनियम 1995 एवं संशोधन अधिनियम 2015 के अन्तर्गत जिला योजना समिति में 15 सदस्य होंगे। इनमें कुल सदस्य संख्या के 4/5 अर्थात 15 में से 12 सदस्य जिला पंचायत एवं नगरीय निकायों से होंगे। जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 10 सदस्य, नगरपालिकाओं के निर्वाचित सदस्यों के समूह से एक और नगर परिषदों के निर्वाचित सदस्यों के समूह से एक सदस्य होगा। जिला पंचायत के निर्वाचित सदस्यों में से 10 सदस्य, नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर, गाडरवारा, गोटेगांव एवं करेली के निर्वाचित सदस्यों के समूह से एक सदस्य तथा इसी प्रकार नगर परिषद तेन्दूखेड़ा, चीचली, सांईखेड़ा एवं सालीचौका (बाबई कलां) के निर्वाचित सदस्यों के समूह से एक सदस्य निर्वाचित होगा। समिति के शेष 3 सदस्य निम्नानुसार होंगे। इनमें मध्यप्रदेश शासन द्वारा नामनिर्दिष्ट मंत्री समिति के अध्यक्ष होंगे। जिला कलेक्टर समिति के सदस्य सचिव होंगे। शेष एक सदस्य राज्य शासन द्वारा नामनिर्दिष्ट किया जायेगा।



