मध्य प्रदेश

पत्नी पर गर्म चाय डालने का आरोप, इलाज के दौरान विवाहिता की मौत; परिजनों ने किया चक्काजाम

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। दमोह जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुआखेड़ा में 25 वर्षीय विवाहिता नीता लोधी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और उसके चाचा पर गर्म चाय डालकर जलाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाहिता की मौत की खबर से आक्रोशित परिजनों ने बुधवार शाम मड़ियादो-फतेहपुर मार्ग पर पावर हाउस के पास चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद करीब एक घंटे में जाम खोला गया।
11 अक्टूबर को गर्म चाय डालने का आरोप
मृतका के चाचा सुरेंद्र लोधी के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 की सुबह नीता के पति रामसिंग लोधी और उसके चाचा रघुराज लोधी ने कथित तौर पर उसके ऊपर गर्म चाय डाल दी थी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। परिजन उसे तत्काल हटा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दमोह रेफर किया गया। दमोह में एक दिन इलाज चलने के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जबलपुर रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान बुधवार, 21 अक्टूबर की सुबह नीता की मौत हो गई।
शव गांव पहुंचते ही परिजनों ने किया प्रदर्शन
नीता की मौत के बाद बुधवार शाम करीब 4 बजे जब शव महुआखेड़ा पहुंचा, तो मायके पक्ष के लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने मड़ियादो-फतेहपुर मार्ग पर पावर हाउस के पास चक्काजाम कर दिया और मामले में कार्रवाई की मांग की। मृतका की दादी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के साथ पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। परिजनों ने दहेज प्रताड़ना सहित अन्य आरोप भी लगाए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
चक्काजाम की सूचना मिलते ही मड़ियादो पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी। करीब एक घंटे की समझाइश के बाद रास्ता खुलवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं। खबर लिखे जाने तक अंतिम संस्कार नहीं हो पाया था। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Related Articles

Back to top button