महिला से तथाकथित डॉक्टर ने कर दी छेड़खानी, पुलिस ने पहुंचाया जेल

ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
रायसेन | रायसेन जिले के ग्राम नकतरा में बालाजी क्लीनिक चलाने वाले तथाकथित डॉक्टर राजेश चौकसे ने एक महिला के साथ छेड़खानी कर दी। महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने तथाकथित डाक्टर के खिलाफ छेड़खानी और एससी एसटी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे जेल पहुंचा दिया है।
बेगमगंज एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव ने बताय कि देवनगर थाने के तहत आने वाले गांव नकतरा में बालाजी क्लीनिक पर एक 20 वर्षीय महिला पेट दर्द होने पर इलाज करवाने के लिए पहुंची थी। यहां पर तथाकथित डॉक्टर राजेश चौकसे ने महिला को गलत नीयत से छुआ। जिसका महिला ने विरोध किया तो उक्त तथाकथित डॉक्टर ने उसे जाति सूचक शब्दों से भी अपमानित किया। उक्त महिला अपने भाई और सास के साथ देवनगर थाने पहुंची और अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई। देवनगर थाने में उक्त तथाकथित डॉक्टर राजेश चौकसे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल पहुंचा दिया गया है।