मुख्यमंत्री चौहान ने सिंगल क्लिक से रायसेन तहसील के 2535 किसानों के बैंक खाते में अंतरित की फसल क्षति की राहत राशि
रायसेन । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से असामयिक वर्षा एवं ओलावृष्टि प्रभावित रायसेन सहित अन्य जिलों के किसानों के बैंक खाते में राहत राशि अंतरित की गई। कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, सांची जनपद अध्यक्ष अर्चना पोर्ते, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, कलेक्टर अरविंद दुबे, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और हितग्राही किसानों द्वारा राहत राशि वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।
इसके पश्चात स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा ग्राम पग्नेश्वर निवासी किसान टीकाराम लोधी, ग्राम आलमखेडा निवासी किसान हक्कीलाल, किसान इमरत सिंह, आलमपुर निवासी राकेश यादव को राहत राशि वितरण के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि रायसेन तहसील के 2535 किसानों के बैंक खाते में भी सिंगल क्लिक के माध्यम से असामयिक वर्षा एवं ओलावृष्टि से हुई फसलक्षति की एक करोड़, 73 लाख, 93 हजार 256 रु की राहत राशि अंतरित की गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर वृंदावन सिंह, डिप्टी कलेक्टर मकसूद अहमद, एसडीएम एलके खरे, जमना सेन, राकेश शर्मा, बृजेश चतुर्वेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।



