कृषिमध्य प्रदेश

बेगमगंज मंडी में एसडीएम प्रियंका भलावी का औचक निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

सोयाबीन और मक्का की आवक शुरू, धान की आवक बढ़ने से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने पर जोर

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। कृषि उपज मंडी बेगमगंज में सोयाबीन और मक्का की आवक शुरू होने तथा आगामी दिनों में धान की आवक बढ़ने की संभावना को देखते हुए एसडीएम एवं मंडी भारसाधक अधिकारी प्रियंका भलावी ने मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और किसानों एवं व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। संबंधित समस्याओं का निराकरण भी कराया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रियंका भलावी ने मंडी सचिव अनुराग रघुवंशी को निर्देश दिए कि मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के अनुसार कृषि उपज की नीलामी और तुलाई की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी में अपनी उपज लेकर आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
एसडीएम ने मंडी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए, ताकि किसानों को उपज बेचने के दौरान बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नीलामी और तुलाई प्रक्रिया पर रहेगी निगरानी
मंडी इंस्पेक्टर केशवसिंह सोलंकी को निर्देशित किया गया कि वे मंडी में होने वाली कृषि उपज की नीलामी एवं तुलाई प्रक्रिया का नियमित निरीक्षण करें। साथ ही मंडी की व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखते हुए किसानों और व्यापारियों से निरंतर संवाद बनाए रखें, जिससे उपज की आवक बढ़ने पर भी मंडी का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
अब तक करीब 32 हजार क्विंटल उपज की खरीदी
मंडी इंस्पेक्टर केशवसिंह सोलंकी के अनुसार, मंडी में अब तक लगभग 32 हजार क्विंटल कृषि उपज की खरीदी की जा चुकी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मक्का के भाव 2,000 से 2,550 रुपये, सोयाबीन के भाव 1,500 से 7,000 रुपये तथा धान के भाव 1,400 से 4,800 रुपये तक रहे हैं।
कृषि उपज मंडी में आवक बढ़ने की संभावना के मद्देनजर प्रशासन का जोर नीलामी एवं तुलाई प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, मूलभूत सुविधाएं बेहतर करने और किसानों को उपज विक्रय के दौरान होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने पर है।

Related Articles

Back to top button