खेल

सद्भावना कप क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन, विपिन एचएम एकता भोपाल बनी विजेता

75 हजार रुपए का प्रथम पुरस्कार प्राप्त

रिपोर्टर ; रवि राय
सिलवानी। ग्राम उचेरा जमुनिया स्थित ग्रीन पार्क कुटीर मैदान पर सद्भावना क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित 11वीं जिला स्तरीय टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता “सद्भावना कप” का बुधवार को भव्य समापन हुआ। रोमांचक मुकाबले में विपिन एचएम एकता भोपाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में टारगेट कारतूस इलेवन राहतगढ़ और अरसान विक्रम जनपद संजू इलेवन गैरतगंज के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें अरसान विक्रम जनपद संजू इलेवन गैरतगंज ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में एचएम एकता भोपाल और ज्ञान सागर सिलवानी के बीच मैच खेला गया, जिसमें विपिन एचएम एकता भोपाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबला विपिन एचएम एकता भोपाल और अरसान विक्रम जनपद संजू इलेवन गैरतगंज के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विपिन एचएम एकता भोपाल ने निर्धारित 8 ओवर में 89 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरसान विक्रम जनपद संजू इलेवन गैरतगंज की टीम 8 ओवर में 67 रन ही बना सकी। इस प्रकार विपिन एचएम एकता भोपाल ने 22 रनों से जीत दर्ज कर सद्भावना कप पर कब्जा किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजेता टीम के खिलाड़ी को “मैन ऑफ द मैच” से सम्मानित किया गया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 75 हजार रुपए एवं ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता टीम अरसान विक्रम जनपद संजू इलेवन गैरतगंज को 35 हजार रुपए एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा जिला मंत्री संदीप शर्मा, जिला पंचायत सदस्य मोहित लोधी, सरपंच संजय तुमराम, मिश्री पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि खेलों के माध्यम से देश को नई पहचान मिल रही है और भारत का डंका पूरे विश्व में बज रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने आयोजक समिति को बधाई दी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button