सर्व ब्राह्मण महिला जागृति मंच का हरियाली तीज उत्सव कार्यक्रम संपन्न

रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
साईंखेड़ा। सर्व ब्राह्मण महिला जागृति मंच, साईंखेड़ा के तत्वावधान में हरियाली तीज उत्सव स्थानीय आदर्श इंग्लिश मीडियम स्कूल में बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम विप्र कुल भूषण भगवान श्री परशुराम जी के पूजन-अर्चन से हुआ। समिति की वरिष्ठ सदस्य हेमलता शर्मा, आशा पाराशर एवं किरण नगाइच, अनीता दुबे द्वारा विधिवत पूजन किया गया।
पूजन के उपरांत उपस्थित सभी मातृशक्ति का स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्री राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी का तिलक कर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कृष्ण भजन से हुई, जिसे आशा बोहरे एवं सारिका दीक्षित द्वारा सुंदर स्वर में प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात महिलाओं के लिए विभिन्न रोचक एवं मनोरंजक गेम्स आयोजित किए गए, जिसमें श्रीमती सोना बोहरे एवं श्रीमती अभिलाषा दुबे विजेता रहीं।
इसके बाद राधा-कृष्ण के मधुर गीतों पर महिलाओं द्वारा सुंदर एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह, उमंग एवं सहभागिता देखते ही बनी।
हरियाली तीज की परंपरा को जीवंत करते हुए सभी मातृशक्ति को तिलक लगाकर चूड़ी एवं बिंदी प्रदान की गई। साथ ही महिलाओं ने हर्षोल्लास के साथ झूला झूलकर उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित मातृशक्ति को उपहार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अध्यक्ष सुषमा तिवारी एवं पदाधिकारियों द्वारा उपस्थित सभी मातृशक्ति एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाली सभी बहनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।
सर्व ब्राह्मण महिला जागृति मंच, साईंखेड़ा की ओर से आयोजित इस हरियाली तीज उत्सव ने समाज की महिलाओं को एकजुटता, संस्कृति, परंपरा एवं आपसी सौहार्द का सुंदर संदेश दिया।



