किसान संगठन गैरतगंज ने पैदल मार्च कर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्टर: रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। आज किसान संगठन गैरतगंज ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नाम अनुविभागीय अधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारी एवं किसान ब्लॉक ग्राउंड गैरतगंज से पैदल मार्च करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि हिनोतिया खालसा बांध का निर्माण कार्य विगत एक वर्ष से बंद पड़ा है, जिसे शीघ्र प्रारंभ कराया जाए ताकि हजारों किसानों को फसलों के लिए पर्याप्त सिंचाई जल मिल सके। इसके साथ ही चांदोनी गढ़ी सोसायटी के कई किसानों को झूठे कर्ज में फंसाए जाने का आरोप लगाते हुए उनके साथ न्याय की मांग की गई।
किसानों ने उसरमेटा गोपालपुर से गैरतगंज मार्ग की जर्जर स्थिति और वीना नदी के छोटे पुल की समस्या को भी उठाया। बताया गया कि कम बारिश में ही पुल पर पानी भर जाने से किसानों, ग्रामीणों, मरीजों एवं स्कूली बच्चों का आवागमन बाधित हो जाता है, जिसका शीघ्र समाधान आवश्यक है।
अन्य मांगों में बचे हुए किसानों की सोयाबीन भावांतर राशि शीघ्र खातों में डलवाने, विद्युत विभाग द्वारा किसानों पर बनाए गए झूठे प्रकरणों को वापस लेने, गैरतगंज मंडी परिसर में धर्म कांटा स्थापित करने तथा वन विभाग द्वारा झटका मशीन लगाने पर रोक की समस्या का समाधान कराने की मांग शामिल रही।
किसान संगठन गैरतगंज ने चेतावनी दी कि यदि इन मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो संगठन द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान गगन गौर, लाईक खान, सौरभ ठाकुर, देवेंद्र ठाकुर, हरनाम सिंह लोधी, ब्रज उइके, रजीत ठाकुर, विशाल ठाकुर, ब्रजेश लोधी, सुनील लोधी, बबलू लोधी, रामकेश लोधी, रईस खान, हसीव खान, अखिलेश यादव, अभिषेक यादव, पुरुषोत्तम गौर सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



