एमपी में कई अधिकारियों का स्थानांतरण, संदीप यादव होंगे नए जनसंपर्क आयुक्त, कई कलेक्टर बदले गए

ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
भोपाल । एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों के तबादले का सिलसिला शुरू कर दिया है। प्रदेश में एक बार फिर बड़े स्तर पर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। जनसंपर्क आयुक्त विवेक पोरवाल को राजस्व विभाग का प्रमुख आयुक्त बनाया गया है। इनके स्थान पर संदीप यादव को जनसंपर्क आयुक्त बनाया है। इसके साथ ही बैतूल, नर्मदापुरम, उज्जैन कलेक्टर्स का तबादला किया गया है।
कई जिलों के कलेक्टर बदले गए.
साल के आखिरी दिन प्रदेश में कई कलेक्टर यहां से वहां किए गए हैं। नीरजकुमार सिंह उज्जैन का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं नीरजकुमार सिंह के स्थान पर सोनिया मीणा को नर्मदापुरम कलेक्टर बनाया गया है। उज्जैन कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम को उप सचिव सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्त किया है। बैतूल कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस को गुना का कलेक्टर नियुक्त किया गया है। नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी को बैतूल का कलेक्टर बनाया गया हैं। इसके साथ ही उज्जैन नगर निगम आयुक्त रोशनकुमार सिंह और अपर कलेक्टर प्रीति यादव का भी तबादला किया गया है। अपर कलेक्टर प्रीति यादव को आयुक्त नगर पालिका निगम जबलपुर और रोशनकुमार सिंह को मुख्य कार्यपालन अधिकारी स्मार्ट सिटी भोपाल नियुक्त किया गया है। उमाकांत उमराव को राजस्व मंडल का सदस्य बनाए जाने से रिक्त हुए प्रमुख सचिव सहकारिता विभाग का प्रभार दीपाली रस्तोगी को दिया गया है।





