कांग्रेस खेमे में भाजपा की सेंधमारी, पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद, पूर्व मंडी उपाध्यक्ष सहित दर्जनों कांग्रेसियों ने ली भाजपा की सदस्यता
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी सहित भाजपा नेताओं ने दिलाई सदस्यता
रिपोर्टर : शानू मंसूरी
गैरतगंज । विधान सभा चुनाव नजदीक आते ही उलटफेर का दौर शुरू हो गया है। सत्ताधारी दल भाजपा ने कांग्रेसी खेमे में सेंधमारी की है। सांची विधानसभा के विधायक और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने मंगलवार को अपने गैरतगंज दौरे में दर्जनों कद्दावर कांग्रेसी नेताओं को कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता दिलवाई। इससे क्षेत्र की राजनीति गर्मा गई है।
मंगलवार को विकास पर्व कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी के समक्ष पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद कृष्णा राय, उनके पति कांग्रेस नेता जितेंद्र राय, पूर्व कृषि उपज मंडी उपाध्यक्ष व कांग्रेस नेता संतोष राय, प्रदीप साहू सहित दर्जनों लोगों ने भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, जनपद अध्यक्ष विजय पटेल, मंडल अध्यक्ष संजय जैन, नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश सिंघई, नगर परिषद उपाध्यक्ष अशोकसिंह ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष हरिकृष्ण गौर, भाजपा बूथ प्रबंधन प्रभारी दरयाव सिंह पटेल, नीरज जैन, आशीष जैन, रोहित जैन, बबलू साहू सहित अनेक लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के भाजपा में प्रवेश के बाद नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है तथा इसे चुनाव की प्रारंभिक तैयारी माना जा रहा है। भाजपा खेमे में मंत्री के द्वारा कराए गए इस उलटफेर से उत्साह का माहौल है। मंगलवार को देर रात तक मंत्री ने स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ आगामी रणनीति पर विचार विमर्श भी किया।



