आज जल बिहार को नगर भ्रमण पर निकलेंगे लड्डू गोपाल
डोल ग्यारस चल समारोह को लेकर नगर में धार्मिक उत्साह
सिलवानी। नगर में बुधवार को डोल ग्यारस के पावन अवसर पर भगवान लड्डू गोपाल का जल बिहार हेतु चल समारोह निकाला जाएगा। श्रीराम जानकी मंदिर जमुनियापुरा तथा श्री जानकी रमण साकेतधाम काठिया मंदिर सहित नगर के विभिन्न देवालयों से देव प्रतिमाओं को कलात्मक रूप से सजे विमानों में विराजित कर नगर भ्रमण कराया जाएगा।
हिंदू धर्म-संस्कृति के विविध पर्व-उत्सवों में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह आयोजन हिन्दू उत्सव समिति के बैनर तले किया जा रहा है।
हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष राजीव सोनी ने बताया कि डोल ग्यारस चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों बड़ी मस्जिद, होली चौक, बुधवारा बाजार, आजाद मार्केट, गांधी चौक से होते हुए श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर बजरंग चौराहा तक पहुंचेगा। समारोह के दौरान नगरवासियों द्वारा भव्य झांकियां, भजन-कीर्तन और भगवान के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाया जाएगा।


