किसान कांग्रेस कमेटी ने महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
बटियागढ़, दमोह । ब्लाक कांग्रेस कमेटी बटियागढ़ के द्वारा विधानसभा चुनाव 2023 में वर्तमान सरकार में आसीन दल के द्वारा घोषणा की गई थी कि मध्यप्रदेश के सभी किसानों के 2024 में समर्थन मूल्य पर दर 3100 रूपए प्रति क्विंटल नकद भुगतान एक मुस्त किया जाएगा। वहीं गेहूं समर्थन मूल्य पर 2700 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जायेगा। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने 2023 विधानसभा चुनाव के दौरान ये घोषणाएं की गई थी एवं प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी के रूप में प्रचारित प्रसारित किया गया था.परंतु चुनाव उपरांत मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भी सरकार द्वारा धान एवं गेहूं का समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाया गया, जिससे प्रदेश का किसान अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है।
वहीं विगत दिनों मध्यप्रदेश में प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई है. जिससे दमोह जिले अंतर्गत बटियागढ़ तहसील क्षेत्र में भी व्यापक पैमाने पर फसलों का नुकसान हुआ है, उसके बाद भी प्रदेश सरकार द्वारा ना ही फसलों का सर्वे कराया जा रहा है और ना ही उचित मुआवजा राशि प्रदान की जा रही है। ज्ञापन में महामहिम राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि किसानों की फसलों के समर्थन मूल्य में वृद्धि कर धान 3100 रुपए एवं गेहूं की खरीदी 2700 रुपए प्रति क्विंटल कर खरीदी की जाए। वहीं फसलों का संपूर्ण तहसील क्षेत्र में सर्वे कर मुआवजा राशि प्रदान की जाए, किसानों के हित में मांगे स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश को लागू करने की मांग को पूरा किया जाये। किसान तथा खेत मजदूर की पेंशन और कर्ज माफी की जाये. किसान आंदोलन में मृत हुए किसानों के परिवारजनों को मुआवजा दिया जाए। वहीं विगत दिनों प्राकृतिक आपदा से किसानों की मसूर की फसल खराब होने से फसलों का सर्वे कराकर, उचित मुआवजा दिया जाए। इन सभी मुद्दों को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम बटियागढ़ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया है।
इस अवसर पर किसान कांग्रेस कमेटी ब्लाक अध्यक्ष राजेश राय, गौरव गर्ग, अनुभव जैन, रहीश खान, गनेश सैनी, बलराम सिंह, सूर्य प्रताप सिंह, अनुज तिवारी प्रेमा सिंह, मंगल सिंह और पुष्पेन्द्र सहित ब्लाक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।



