लावारिस हालत में मिला नवजात शिशु का शव, पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी
रायसेन । जिले की उदयपुरा तहसील मुख्यालय में मंगलवार को मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। नगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित अंबेडकर भवन के पास एक नवजात शिशु का शव लावारिस हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह स्थानीय लोगों ने अंबेडकर भवन के समीप एक नवजात शिशु को मृत अवस्था में पड़ा देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही उदयपुरा पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस द्वारा नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुरा भेजा गया है। प्रारंभिक तौर पर शिशु किसका है और किसने उसे यहां फेंका, इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।



