पागल कुत्ते ने 8 लोगों को काटकर किया घायल, जिला अस्पताल में इलाज
रायसेन । बुधवार को रायसेन शहर में एक स्ट्रीट डॉग ने 8 लोगों को काट लिया। इसमें पुलिस आरक्षक, वन विभाग के बाबू और दो बच्चे शामिल है। घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे की है।
डॉग ने सबसे पहले सांची रोड पुलिस लाइन के पास पुलिस आरक्षक को काटा। इसके बाद डॉग शहर के वार्ड नंबर-8 में पहुंचा, यहां घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों को काट लिया। जिसके बाद महामाया चौक पर अन्य लोगों को भी अपना निशाना बनाया। सभी लोग जिला अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे।
डॉग ने वार्ड नंबर-8 के ठाकुर मोहल्ला निवासी रूपेंद्र चक्रवर्ती के 5 साल के बेटे अश्विनी कुमार प्रजापति को घर को बाहर खेलने के दौरान काट लिया। बच्चे के चिल्लाने पर घर के अन्य सदस्य दौड़कर बाहर पहुंचे और डॉग को भगाया। परिजन बच्चे को लेकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रतीक शर्मा ने बताया कि कुत्ते के कटे हुए आठ लोग जिला अस्पताल पहुंचे। इसमें एक पुलिसकर्मी, वन विभाग के बाबू और बच्चे शामिल है।
इस संबंध में नगर पालिका के सफाई निरीक्षक शशिकांत ने बताया कि स्ट्रीट डॉग के काटने की सूचना मिलने के बाद नगर पालिका की टीम डॉग की तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक डॉग नहीं मिला है।
स्ट्रीट डॉग ने पुलिस आरक्षक अरुण कांत शर्मा, तालिब खान उम्र 20 साल, कशिश उम्र 8 साल, अश्विनी कुमार प्रजापति उम्र 5 साल, अहमद शाह उम्र 60 साल, अश्विनी त्रिपाठी बाबू वन विभाग के अलावा दो और लोगों को डॉग ने काटा है।



