जल जीवन मिशन के तहत सिलवानी विधानसभा के 443 गांवों में पहुंचाया जाएगा नल से जल

सिलवानी। जल जीवन मिशन के अंतर्गत सिलवानी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण क्षेत्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा विभिन्न समूह जल प्रदाय योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र के 443 ग्रामों को लाभान्वित किया जाएगा। योजनाओं के कार्य विभिन्न चरणों में प्रगतिरत हैं तथा कुछ क्षेत्रों में नियमित जल प्रदाय भी प्रारंभ हो चुका है।
जानकारी के अनुसार, सेमरी जलाशय आधारित बेगमगंज-गैरतगंज समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के 46 ग्रामों में 1 सितंबर 2024 से संचालन एवं संधारण व्यवस्था के तहत प्रतिदिन पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना की अनुबंधित लागत राशि 99.96 करोड़ रुपये है।
वहीं सेमरी जलाशय आधारित बेगमगंज एक्सटेंशन-2 समूह जल प्रदाय योजना के तहत 95 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। इस योजना की अनुबंधित लागत राशि 86.93 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है।
इसके अलावा बारना बांध आधारित गैरतगंज-सिलवानी समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 99 ग्रामों में निर्माण कार्य जारी है। इस महत्वाकांक्षी योजना की अनुबंधित लागत राशि 273.99 करोड़ रुपये है।
इसी प्रकार नर्मदा नदी आधारित समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 203 ग्रामों में कार्य प्रगतिरत है। इस योजना की अनुबंधित लागत राशि 266.20 करोड़ रुपये है।
चारों समूह जल प्रदाय योजनाओं की कुल अनुबंधित लागत राशि 727.07 करोड़ रुपये है। योजनाओं का कार्य पूर्ण होने के पश्चात संबंधित एजेंसियों द्वारा 10 वर्षों तक संचालन एवं संधारण किया जाएगा। इसके बाद मध्यप्रदेश शासन के नियमानुसार ग्राम स्तर पर जल वितरण की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों एवं जल एवं स्वच्छता तदर्थ समितियों द्वारा निभाई जाएगी।
इन योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर पूर्व लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने जनपद पंचायत सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य साकार होगा।


