कटनी में होने वाले प्रदेश पत्रकार सम्मेलन के लिए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को दिया गया आमंत्रण

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा 19 जुलाई 2026 को कटनी में आयोजित होने वाली पांचवीं प्रांतीय कार्यकारिणी बैठक एवं जबलपुर संभागीय पत्रकार सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को जबलपुर स्थित होटल नर्मदा जंक्शन में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह से सौजन्य भेंट कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया गया।
भेंट के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने मंत्री को सम्मेलन की रूपरेखा, उद्देश्य तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन प्रदेशभर के पत्रकारों के लिए संवाद, विचार-विमर्श और संगठनात्मक मजबूती का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इस पर कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
गौरतलब है कि कटनी में आयोजित होने वाले इस प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान पत्रकारिता के समसामयिक मुद्दों, पत्रकार हितों, संगठन की भावी रणनीतियों तथा मीडिया जगत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा किए जाने की संभावना है ।



