क्राइममध्य प्रदेश

टोल प्लाजा पर फायरिंग, जान बचाने भागे 5 कर्मचारियों में 2 कुएं में गिरने से मौत

टोल टैक्स को लेकर विवाद
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
दतिया । एमपी के दतिया-झांसी हाइवे के डगरई टोल प्लाजा पर मंगलवार रात करीब 12 हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया। प्लाजा पर तोड़फोड़ कर टोलकर्मियों को पीटा। हमलावरों की फायरिंग से बचने दो टोलकर्मी खेतों की तरफ भागे, बिना मुंडेर के कुएं में गिरने से उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।
चिरुला थाना के झांसी-ग्वालियर नेशनल हाइवे पर डगरई टोल प्लाजा पर सोमवार को कुछ लोगों से टोल टैक्स को लेकर कर्मचारियों का विवाद हो गया। वे सबक सिखाने की धमकी देकर चले गए। मंगलवार रात हथियारबंद नकाबपोश लोगों ने टोल प्लाजा पर हमला कर दिया। केबिन में तोड़फोड़ कर कर्मियों को पीटना शुरू कर दिया। इस बीच फायरिंग हो गई।
हमलावरों की गोलियों से बचने दो टोलकर्मी श्रीनिवास परिहार पिता महेंद्र परिहार उम्र 37 साल निवासी नयागांव विपराली आगरा (उप्र) और शिवाजी कंदेले पिता प्रहलाद कंदेले उम्र 40 साल निवासी मलकापुर (महाराष्ट्र) खेतों की तरफ भागे। घबराहट और अंधेरे से दोनों बिना मुंडेर के कुएं में जा गिरे। हमलावरों के जाने के बाद जब इनकी तलाश की गई तो दोनों की लाशें कुएं में मिलीं।
दो दिन पहले ही हुआ है नया ठेका- दो दिन पूर्व ही टोल टैक्स कंपनी का नए सिरे से ठेका हुआ है। श्रीनिवास परिहार व शिवाजी कंदेले दो दिन पहले ही टोल प्लाजा पर बतौर बाउंसर नौकरी पर आए।
पुलिस ने मामले में अभिषेक शर्मा निवासी राजघाट तिराहा और अतुल अहिरवार निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।

Related Articles

Back to top button