मध्य प्रदेश

धीरेंद्र शास्त्री पर FIR दर्ज करने की मांग, युवा यादव महासभा ने SDOP को सौंपा ज्ञापन

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेंदूखेड़ा। अखिल भारतवर्षीय युवा यादव महासभा मध्यप्रदेश, जिला दमोह के पदाधिकारियों ने मंगलवार, 4 नवंबर को तेंदूखेड़ा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) को ज्ञापन सौंपकर बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध FIR दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन जिला अध्यक्ष कृष्णा यादव के नेतृत्व में सौंपा गया। महासभा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कथावाचक द्वारा प्रवचन के दौरान भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। इससे श्रीकृष्ण के अनुयायियों और यादव समाज की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ज्ञापन में लगाए गए आरोप
महासभा ने ज्ञापन में कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से कथावाचक लाखों रुपये अर्जित करते हैं, वहीं दूसरी ओर भगवान श्रीकृष्ण के प्रति कथित रूप से निंदनीय टिप्पणी करना विरोधाभास है। पदाधिकारियों का आरोप है कि इस प्रकार की टिप्पणियों से यादव समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने के बजाय आपसी सद्भाव और धार्मिक सम्मान बनाए रखना चाहिए। महासभा ने दावा किया कि कथित टिप्पणी से संबंधित वीडियो क्लिप भी उपलब्ध है। पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से वीडियो की जांच कर धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध मामला दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
इस अवसर पर रघुनाथ यादव जिला उपाध्यक्ष यादव महासभा, पवन यादव जिला अध्यक्ष ग्रामीण, तुलाराम यादव जनपद अध्यक्ष, नीलेश यादव पूर्व सरपंच, गणेश यादव, कृष्णा यादव, आशीष साहू, पीताम्बर साहू सहित बड़ी संख्या में यादव समाज एवं महासभा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button