पर्यावरणमध्य प्रदेश

तेंदुआ शिकार की आस में खुद शिकार हो गया, हाइटेंशन लाइन का तार टूटा गाय और तेंदुआ की मौत

ब्यूरो चीफ: भगवत सिंह लोधी
दमोह । कुम्हारी वन परिक्षेत्र की खमरिया वीट अंतर्गत बमनी गांव के पास हाइटेंशन बिजली का तार टूटने से एक गाय की मौत बीती रात हो गई थी, रात में जंगल में तेंदुआ गाय को खाने आया तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीणों ने देखा तो वन विभाग को सूचना दी मौके पर वन अमला पहुंच गया है।
दमोह जिले में तेंदुआ काफी तादाद में पाए जाते हैं, कुम्हारी वन परिक्षेत्र की सीमा कटनी व पन्ना जिले के जंगलों से लगी हुई है। जिससे यहां आए दिन तेंदुआ दिखाई देते हैं। ग्रामीणों के अनुसार जंगल में चर रही गाय पर हाइटेंशन लाइन तार टूटकर गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। गाय को मृत देख तेंदुआ जैसे ही गाय के पास गया होगा उसकी भी मौत हो गई। तेंदुआ शिकार की आस में खुद शिकार हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार हाइटेंशन लाइन का तार काफी लंबाई में टूटा था, जिसके गिरने के बाद कई जगह जलने के निशान भी पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलने पर दमोह डीएफओ एमएस उइके भी मौके पर पहुंच गए हैं, वन अधिनियम के तहत मौके पर ही तेंदुआ का अंतिम संस्कार कराया जा रहा है।
आपको बता दें कि 3 दिसम्बर 2022 को कुम्हारी वन परिक्षेत्र के पड़री गांव के पास एक तेंदुआ घर में घुसा रहा, इसके बाद खेतों में पहुंचा। इसके बाद वन कर्मी पर हमला किया था, जिसमें वनकर्मी द्वारा तेंदुआ के मुंह में डंडा डाल दिया था, जिसमें तेंदुआ की मौत हो गई थी।

Related Articles

Back to top button