दशरमन में बनेगी उच्चस्तरीय पेयजल टंकी, अंतर्वेद में होगा नलकूप खनन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । पेयजल की समस्या से निजात दिलाने शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह के प्रयास पर ढीमरखेडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम दशरमन में उच्चस्तरीय पेयजल टंकी का निर्माण किया जाएगा। वहीं ग्राम अंतर्वेद में नलकूप खनन किया जाएगा। साथ ही इन दोनों ग्रामों में घर घर पेयजल पहुंचाने पाइप लाइनें भी बिछाई जावेगी। जिससे लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत उक्त कार्यों का शुक्रवार को सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम ने भूमिपूजन किया। इस दौरान जनपद सदस्य गणेश दत्त, समाजसेवी दीपू बैरागी, श्रीकांत पटेल सहित सरपंच, सचिव एवं पीएचई विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब है पेयजल की समस्या के चलते यहां के वाशिंदों को भारी परेशानियों का सामना करना पड रहा। निर्माण के बाद ग्रामीणों को पेयजल की समस्या दूर होने की उम्मीद है। बताया जाता है ग्राम दरशमन एवं ग्राम अंतर्वेद में लंबे समय से ग्रामीण पेयजल की समस्या दूर करने की मांग कर रहे थे।



