मध्य प्रदेश

दस जून को लाड़ली बहनों के खाते में आएंगे एक-एक हजार रूपये : स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी

स्वास्थ्य मंत्री ने ग्राम रसीदपुर तथा जुझारपुर में लाड़ली बहनों को वितरित किए स्वीकृति पत्र
व्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
रायसेन । स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा गैरतगंज तहसील के ग्राम रसीदपुर तथा जुझारपुर में आयोजित मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के स्वीकृति पत्र वितरण कार्यक्रम का कन्यापूजन और दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने लाड़ली बहनों को योजना के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए। इसके पहले उपस्थित महिलाओं, ग्रामीणों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा दो दिन बाद 10 जून को सभी लाड़ली बहनों के बैंक खाते में एक-एक हजार रू जमा किए जाएंगे। इसके बाद हर महीने की 10 तारीख को लाड़ली बहनों के बैंक खाते में राशि पहुंचेगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि 10 जून का दिन प्रदेश की लाड़ली बहनों की जिंदगी में खुशियां लाने वाला है, उनका जीवन बदलने वाला है। लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण के साथ ही आर्थिक समृद्धि का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा बेटियों, महिलाओं की उन्नति और विकास के लिए अनेकों योजनाएं प्रारंभ की है। इन योजनाओं की वजह से बेटी के प्रति सामाजिक सोच में बदलाव आया है।
एक समय था जब बेटियों को बोझ समझा जाता था, आज बेटी के जन्म पर खुशियां मनाई जाती हैं।
सरकार द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, लाड़ली लक्ष्मी-2 सहित अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा बालिकाओं, महिलाओं के साथ ही युवाओं, किसानों, वृद्धजनों सभी के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा युवाओं के लिए सीखो-कमाओ योजना शुरू की गई है, जिसमें युवाओं को कौशल सीखने के साथ भुगतान भी किया जाएगा।
कौशल प्रशिक्षण के लिए कंपनियों और सर्विस सेक्टर को जोड़ा जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों को बेहतर और त्वरित उपचार मिले, इसके लिए शासकीय अस्पतालों और स्वास्थ्य केन्द्रों में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं तथा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत निजी अस्पताल में एक साल में पांच लाख रू तक का निःशुल्क इलाज कराने की सुविधा दी जा रही है।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष जिनेश जैन, नपा उपाध्यक्ष अशोक सिंह ठाकुर, गैरतगंज जनपद अध्यक्ष विजय पटेल, मंडल अध्यक्ष संजय जैन सहित तहसीलदार ब्रजेश सिंह, नगर परिषद सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा, सहित नगर परिषद कर्मचारी एंव जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button