दिल के अरमा आसुओं में बह गये…. बड़वारा से मोती कश्यप का कटा टिकिट
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । भारतीय जनता पार्टी ने कटनी जिले की बड़वारा विधानसभा क्रमांक 91 से पूर्व जिला पंचायत सदस्य, भाजपा जिला मंत्री धीरेन्द्र सिंह को उम्मीदवार बनाया है। स्मरण रहे कि बड़वारा विधानसभा से पूर्व विधायक मोती कश्यप दावेदारी कर रहे थे और कुछ माह से वे क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे है पर उनके सपने पूरे नहीं हो सके।
उनकी टिकिट कटने का एक और कारण बताया जाता है जो एंटी इनकंबेंसी है और और कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वयं ही अंदर ही अंदर उनको प्रत्याशी नहीं बनाये जाने की मांग की जा रही थी। लिहाजा वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे वर्तमान विधायक विजय राघवेन्द्र सिंह से मोती कश्यप 21,360 वोटों से चुनाव हार गये थे। वर्ष 2023 में होने वाले चुनाव को लेकर पार्टी द्वारा बड़वारा विधानसभा में सर्वे करवाये गये और संगठन से राय ली गई। जिस पर पार्टी ने सभी बातों को दृष्टिगत रखते हुये पूर्व जिला पंचायत सदस्य और जिला मंत्री धीरेन्द्र सिंह के नाम पर सर्व सम्मति से मुहर लगा दी गई है। वहीं मोती कश्यप पर यह भी आरोप लगते रहे है कि वह बाहरी प्रत्याशी है जिस कारण से इस बात उनके खिलाफ विधानसभा की जनता में आक्रोश देखने को मिल रहा था।
धीरेन्द्र सिंह का हुआ स्वागत
जिला भाजपा कार्यालय में धीरेन्द्र सिहं का जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन ने स्वागत करते हुए बधाई दी, साथ ही कहा कि पार्टी ने एक बार फिर एक युुवा कार्यकर्ता को सम्मान देकर इतिहास बनाया है। दीपक सोनी टण्डन ने कहा कि बड़वारा विधानसभा में जिला पंचायत सदस्य रहते हुए धीरेन्द्र सिंह ने विकास के कई कार्य कराए। संगठन में निरन्तर सक्रिय रहते हुए वे जिला मंत्री के दायित्व का कुशलता से निर्वहन कर रहे हैं। वर्तमान में भाजपा जिला मंत्री के साथ साथ धीरेन्द्र सिंह की मातुश्री शीला सिंह भी जिला पंचायत सदस्य हैं।
धीरेन्द्र की मातुश्री क्षेत्र में सर्वाधिक मतों से विजयी हुईं थीं। धीरेंद्र सिंह अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष भी रहे एवं संगठन के कार्यकर्ताओं से निरन्तर संवाद तथा संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी बढ़ चढ़ भागीदारी है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से धीरेन्द्र को भारी मतों से विजयी बनाने जुट कर बड़वारा में कमल खिलाएंगे।



