जिला भाजपा अध्यक्ष के नेतृत्व में मनाया गया बुधनी उपचुनाव और महाराष्ट्र जीत का जश्न

कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और जमकर मनाया उत्सव
रायसेन। हाल ही में संपन्न हुए बुधनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव की ऐतिहासिक जीत और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा गठबंधन की भारी सफलता पर रायसेन जिला भाजपा कार्यालय में शनिवार को भव्य उत्सव आयोजित किया गया। जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाते हुए मिठाई बांटी और आतिशबाजी की।
जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा, “बुधनी उपचुनाव में भाजपा की जीत पार्टी की नीतियों, कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं के समर्थन का नतीजा है। कार्यकर्ताओं ने रात-दिन मेहनत कर पार्टी की छवि को जन-जन तक पहुंचाया। महाराष्ट्र में भी भाजपा गठबंधन की जीत यह साबित करती है कि भाजपा देशभर में जनप्रिय पार्टी बनी हुई है। वहां के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने भाजपा के विजन पर भरोसा जताया है।”
कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई। भाजपा कार्यालय के बाहर का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा। अध्यक्ष राकेश शर्मा ने पत्रकारों को भी मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। उन्होंने कहा कि इस जीत ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता का अटूट विश्वास है।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर, जिला महामंत्री राजेश पंथी, नगर अध्यक्ष आदित्य शर्मा, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष हेमलता रघुवंशी, देवेंद्र यादव, ब्रज विश्वकर्मा, भगवानदास लौहट, जगदीश अहिरवार, राकेश मालवीय, शुभम रावत, वरुण खत्री सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



