देवी दर्शन करने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी सहित पहुंचे कंकाली मंदिर
रायसेन । मंगलवार को नवरात्रि के अंतिम दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान स्पत्नीक रायसेन जिले में स्थित भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कंकाली माता मंदिर दर्शन करने पहुंचे। जहां पर मुख्यमंत्री चौहान के साथ हजारों लोगों ने माता के दर्शन किए। मुख्यमंत्री चौहान ने सर्वप्रथम अपनी पत्नी सहित माता कंकाली के दर्शन करने के बाद फूल माला अर्पण की, जिसके बाद मंदिर के पुजारी ने मंत्र उच्चारण करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और साधनासिंह से माता कंकाली का पूजन अर्चन करवाया। जिला कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे के साथ पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंदिर में हो रहे निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया तथा मंदिर में आवश्यक निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश जिला कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे सहित अन्य अधिकारियों को दिए।



