क्राइम

गरीबों के निवाले पर डाका, अन्नदूत वाहन से राशन चोरी का वीडियो वायरल

सिलवानी । गरीबों के निवाले पर डाका डालने का खेल बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सिलवानी से सामने आया। जहां गरीबों में बंटने के लिए जा रहे अन्नदूत वाहन से बीच रास्ते में रोककर राशन की दूसरे वाहन में कालाबाजारी की जा रही थी। जिसका ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
सिलवानी में राशन चोरी का मामला सामने आया है, मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना के तहत गरीबों का राशन परिवहन करने वाले एक ट्रक से राशन चोरी करते हुए वीडियो वायरल हुआ है।
एक वीडियो वायरल हो रहा है, इस वीडियो में दिख रहा है कि गरीबों के लिए राशन ले जा रहे ट्रक को सड़क पर खड़े करके अनाज की बोरी उतार कर दूसरे वाहन में लादी जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि 23 जून की शाम को अन्नदूत का वाहन क्रमांक एमपी 38 जेडबी 5014 से मैजिक वाहन क्रमांक एमपी 39 जी 0982 में ग्राम पंचायत देवरी मढ़िया के वीरपुर समनापुर के पास बीच सड़क में लगभग 25 से 30 बोरियां की सिलाई तोड़कर लोडिग की गई है।
बेरोजगारों को प्रदान किए गए मुख्यमंत्री युवा वा अन्नदूत योजना अंतर्गत राशन दुकानों को सप्लाई होने वाले अनाज की रास्ते में चोरी की जा रही है। खास बात यह है कि इस बाबत फूड कंट्रोलर कार्यालय से लेकर वेयर हाउस कापेरिशन में बैठे जिम्मेदारों तक को इसकी पूरी खबर रहती है, इसके बावजूद उनकी चुप्पी रहस्य बनी हुई है। लचर प्रशासनिक सिस्टम के इस रवैए का नतीजा यह हो रहा है कि प्रतिदिन शासन-प्रशासन को हजारों रुपए का चूना लग रहा है, वहीं जिन गरीबों को यह सामग्री वितरित की जाना है। उसमें अलग धांधली चल रही है।
शुरू से विवादित है योजना
उल्लेखनीय है कि जब से मुख्यमंत्री अन्नदूत योजना अस्तित्व में आई है तब से यकायक अनाज चोरी के घटनाक्रम अप्रत्याशित रुप से बढ़ते जा रहे हैं। इसके तहत सिविल सप्लायर से लेकर राशन दुकानदार और वेयर हाउस कार्पोरेशन के जिम्मेदारों तक पर सवालिया निशान लग रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा आरोप यही लग रहा है कि जिन बेरोजगारों को यह वाहन आवंटित हैं उनमें से कुछ इस तरह की धांधली में संलग्न हो गए हैं।
इस वीडियो के सामने आने के बाद कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी मयूर मरकाम का कहना है कि यह वीडियो अभी मेरे संज्ञान में आया है, बताया जा रहा है कि अन्नदूत वाहन से पीडीएस का माल परिवहन होता है उस से अज्ञात वाहन में खाद्यान्न की अनलोड़िग कराई जा रही है। यह बेहद गंभीर मामला है, इसकी जांच की जावेगी और जिस क्षेत्र की घटना है, उस की सभी राशन दुकानों की जांच कर खाद्यान्न चैक किया जावेगा, जो भी दोषी होगा उसके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जावेगी। 22 जून को उक्त वाहन से तीन दुकानों खमखुआं, छींद, हतोड़ा दुकान का माल परिवहन किया गया था। जांच कर प्रतिवेदन कलेक्टर महोदय के समक्ष प्रस्तुत किया जावेगा।

खबर का वीडियो देखने के लिए क्लिक करे

गरीबों के निवाले पर डाका, अन्नदूत वाहन से राशन चोरी का वीडियो वायरल। Mruganchal Express

Related Articles

Back to top button