नर्मदा स्नान के लिए जा रहे आटो रिक्शा को ट्रक ने मारी टक्कर : 3 की मौत, 14 घायल

रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
सागर । सोमवती अमावस्या को नर्मदा स्नान के लिए जा रहे एक आटो रिक्शा को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें तीन सवारियों की मौत हो गई और 14 श्रद्धालु घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सागर के बांदरी क्षेत्र के ग्राम ढावरी के निवासी 17 श्रद्धालु ऑटो क्रमांक MP15 R 3808 से सोमवती अमावस्या पर नर्मदा स्नान करने के लिए बरमान जा रहे थे। सागर-नरसिंहपुर हाईवे पर स्थित देवरी के पास बीना तिगड्डे पर क्रॉसिंग के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी।टक्कर लगाने से ऑटो पलट गया।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग और राहगीर घटनास्थल पर पहुंची। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी शशिकांत सरयाम एवं थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने स्थल का जायजा लिया।
उन्होंने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 15 घायल हुए। इनमें से एक गंभीर घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस प्रकरण दर्ज कर जांच कर एवं दुर्घटना कर भागे ट्रक की तलाश की जा रही है।
दुर्घटना में 3 की मौत, 14 घायल
ट्रक और ऑटो की टक्कर में ऑटो में सवार विशनाथ यादव उम्र 45 साल, अवधरानी पति रामचरण यादव उम्र 50 साल और हरिसिंह राजपूत उम्र 60 साल तीनों निवासी ढावरी की मौत हो गई। जबकि घटना में अमरसिंह चढार, छोटे भाई अमरसिंह चढार, कृष्ण कांत रामेश्वर, अनन्दो अहिरवार, कुसुमरानी आनन्द अहिरवार, माहो कामता यादव, चंदा रूपसिंह यादव, सीतारानी रामप्रसाद चढार, लक्ष्मी हरिसिंह यादव, रामप्रसाद, रमेश चढार, फूलसिंह तारेलाल वासुदेव, हेमा रणवीर वासुदेव, हरिसिंह हलकई यादव, काशीराम सभी निवासी ढावरी घायल हुए हैं।
घायल काशीराम ने बताया कि नर्मदा स्नान करने के लिए बरमान जा रहे थे, तभी ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। घटना में गांव के तीन लोगों की मौत हो गई है। शेष घायल हैं।



