नियाज खान ने ‘द ग्रेट ब्राह्मण’ में लिखा— ब्राह्मणों का IQ बहुत अधिक होता है, उनका सम्मान करना चाहिए
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
भोपाल । संघ प्रमुख मोहन भागवत की पंडितों पर की गई टिप्पणी के बाद कई वर्ग इसका विरोध कर रहे हैं। कई ब्राम्हण संगठन संघ प्रमुख के बयान का विरोध जता रहे हैं। इस बीच, मध्य प्रदेश के एक आईएएस ने भी ब्राम्हणों के समर्थन में अपनी बात रखी है। आईएएस नियाज खान ने 10 फरवरी को ब्राम्हणों को लेकर एक ट्वीट किया है। खान ने ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि ब्राह्मणों का IQ बहुत अधिक होता है, उनका सम्मान करना चाहिए। खान ने कहा कि ब्राह्मणों के बारे में अधिकांश लोगों की प्रतिक्रिया बहुत ही घृणित हैं। इस बात को कहते हुए खान ने अपनी पुस्तक “ब्राह्मण द ग्रेट” की रिसर्च का हवाला भी दिया है।
आईएएस नियाज खान ने अंग्रेजी में ट्वीट किया है। जिसके अनुसार- अपनी पुस्तक ब्राह्मण द ग्रेट के शोध के दौरान, मैंने भारत में ब्राह्मणों के महान योगदान के संबंध में कई गैर-ब्राह्मणों के साथ बातचीत की अधिकांश प्रतिक्रियाएं बहुत ही घृणित हैं। मेरे विचार से, चूंकि ब्राह्मणों का आईक्यू बहुत अधिक होता है, इसलिए उनका बिना किसी आधार के सम्मान किया जाना चाहिए। वे बड़ी संपत्ति हैं।
कौन हैं आईएएस नियाज खान
नियाज खान मध्य प्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी थे। साल 2015 में उन्हें आईएएस प्रमोट किया गया। वे साहित्यिक मिजाज के अफसरों में गिने जाते हैं। वे पहली बार गैंगस्टर अबू सलेम पर किताब लिखकर चर्चा में आए थे। इसके बाद साल 2022 में कश्मीर फाइल्स मूवी के विरोध में की गई टिप्प्णी के चलते घिर गए थे। तब गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उन पर कार्रवाई करने की बात भी कही थी। नियाज अब तक 7 किताब लिख चुके हैं।



