राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कमलनाथ ने एक साथ की यात्रा, राहुल गांधी ने टंट्या मामा की मूर्ति पर किया माल्यार्पण
भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन खंडवा जिले में उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
खंडवा । मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कमलनाथ की त्रिमूर्ति ने एक साथ पदयात्रा की और हजारों लोग पूरे उत्साह से यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मुख्य रूप से खंडवा जिले के ग्रामीण अंचल से निकली।
इस दौरान राहुल गांधी और कमलनाथ बड़ोदा अहीर गांव में महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी टंट्या मामा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने गए।
यात्रा के दौरान जगह-जगह पर मंच सजा कर राहुल गांधी का स्वागत किया गया। मध्य प्रदेश की लोक संस्कृति के अनुसार जगह जगह उनकी अगवानी की गई। यात्रा पर पुष्प वर्षा की गई और कई जगह तो लोगों ने सड़क पर फूल बिछा कर राहुल गांधी प्रियंका गांधी और कमलनाथ का स्वागत किया। पूरी यात्रा में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ राहुल गांधी के साथ रहे।
यात्रा में देशभक्ति के गीत की धुन पर पदयात्री थिरकते नजर आए। इस दौरान राहुल गांधी ने समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों से यात्रा के दौरान संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझा।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कल राहुल गांधी ओमकारेश्वर जाएंगे और वहां मां नर्मदा की आरती और भगवान ओमकारेश्वर का पूजन करेंगे।




