कार बाइक भिंडत अपडेट : दूसरे युवक की इलाज के दौरान मौत, बाइक से पेपर देने जा रहे थे तीन छात्र
एक की घटना स्थल पर दूसरे भोपाल मौत, एक का इलाज जारी
घटना की भीषणता मृतक का हाथ धड़ से अलग हुआ, वाहनों के भी परखच्चे उड़े
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार, दूसरे के अंतिम संस्कार की तैयारी
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
गैरतगंज, सिलवानी । गुरुवार की दोपहर गैरतगंज नगर से कुछ दूरी पर सहजपुर गांव के पास भोपाल सागर मुख्य सड़क मार्ग पर एक कार एवं बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं दूसरे युवक हाशिम की भोपाल के पीपुल्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई। वही एक गंभीर रूप से घायल युवक पीयूष का इलाज चल रहा है। घटना इतनी भीषण थी कि घटना में एक युवक का हाथ धड़ से अलग हो गया तथा कार एवं बाइक दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर 1 बजे करीब गैरतगंज मुख्यालय से दो किमी दूरी पर भोपाल सागर मुख्य सड़क मार्ग के सहजपुर गांव के पास भोपाल की ओर से आ रही सेंट्रो कार क्रमांक एमपी 04 सी वाय 9728 एवं सिलवानी की ओर से जा रही एक हीरो साइन बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस घटना में बाइक सवार विशेष कुशवाह पिता तेजराम कुशवाहा उम्र लगभग 22 वर्ष निवासी ग्राम बेगवां कला, तहसील सिलवानी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर दो अन्य सवार हामिद खां पिता आसिफ खां उम्र 25 वर्ष निवासी चुन्हेटिया तहसील सिलवानी गंभीर रूप से घायल होने पर भोपाल के पीपुल्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी देर रात मौत हो गई। जिसका पीएम किया जा रहा है। वही उसके ग्राम चुन्हेटिया में उसके अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है। तीसरे बाइक सवार पीयूष शांडिल्य पिता जयदीप शांडिल्य उम्र 24 वर्ष निवासी वार्ड 4 सिलवानी का भी भोपाल में इलाज किया जा रहा है। इस घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को 108 एम्बुलेंस से सिविल हॉस्पिटल गैरतगंज लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया था। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंप दिया गया।
दुर्घटना की भीषणता – युवक का हाथ धड़ से हुआ अलग:
कार एवं बाइक के बीच हुए एक्सीडेंट की घटित इस घटना की भीषणता इतनी थी कि घटना ने चश्मदीद लोगों एवं राहगीरों को स्तब्ध कर दिया। बताया जाता है कि घटना के बाद मृतक विशेष कुशवाहा का एक हाथ कंधे से पूरी तरह अलग हो गया। वहीं एक पैर टूटकर धड़ से अलग लटकने लगा। इस टक्कर में कार के एयरबैग खुल गए, जिससे कार सवार की जान बच गई तथा वह मौका देखकर फरार हो गया। कार खेत किनारे गड़े एक खंबे पर अटक गई। इसके अलावा बाइक के परखच्चे उड़ गए। बताया गया है कि मौके पर बिखरा खून एवं अन्य अवशेष घटना की भीषणता को प्रमाणित करते है।
गमगीन माहौल में हुआ अन्तिम संस्कार
विशेष कुशवाहा के शव को उसके ग्राम बेगवा कला लाया गया, गांव में शोक व्याप्त हो गया, जिसका देर शाम अन्तिम संस्कार किया गया। मृतक दो भाई है।
बताया जाता है कि हीरो साइन बाइक पर तीनों युवक रुक जाना नहीं योजना के तहत हाईस्कूल की परीक्षा देने रायसेन जा रहे थे।



