मध्य प्रदेश

90 लाख की लागत, 8 वर्ष में उखड़ गई भ्रष्टाचार की परतें

3 दिन की बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो गया घुघरा का पुल
आरईएस विभाग ने करवाया था निर्माण कार्य

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । घुघरा को उमरियापान से जोड़ने के लिये बेलकुंड नदी पर बनाया गया पुल 3 दिन की बारिश में ही क्षतिग्रस्त होकर परतें उखड़ने लगी है जिस कारण से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों से दरार आने के कारण भी यह आशंका है कि उक्त पुल कभी भी धरासायी हो सकता है।
स्मरण रहे कि आरईएस विभाग द्वारा लगभग 8 वर्ष पूर्व 90 लाख रूपये की लागत से इस पुल का निर्माण कार्य करवाया गया था। उक्त कार्य के लिये ठेका सिलौड़ी निवासी पंकज राय को दिया गया था। जिस गुणवत्ताहीन गति से कार्य किया जा रहा था उस समय भी अधिकारियों को शिकायत दी गई थी और ग्रामीणों ने यह भी बताया था कि ठेकेदार गुणवत्ताहीन कार्य कर रहा है जिस कारण से उनको भविष्य में परेशानी होगी लेकिन कमीशन के चक्कर में आख बंद कर और गुणवत्ताहीन कार्य को दरकिनार कर अधिकारियों ने ठेकेदार का भुगतान किया। नतीजन 3 दिन की तेज बारिश में ही पुल जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है और एक तरफ की परत उखड़ चुकी है।
कलेक्टर ने लगाई थी फटकार
उक्त पुल निर्माण में बरती जा रही गंभीर खामियों की शिकायत कलेक्टर से भी कई थी जिसमें जांच के दौरान यह बात सामने आई थी कि नियमों को ताक पर रखकर ठेकेदार अधिकारियों की मिलीभगत से गुणवत्ताहीन कार्य करवा रहा है जिस कारण से तत्कालीन कलेक्टर के द्वारा आरईएस विभाग के अधिकारियों की क्लास लगा दी थी तब अधिकारियों ने कलेक्टर को यह आश्वासन दिया था कि ठेकेदार को सख्त हिदायत दे दी गई है और अब काम ठीक से चल रहा है लेकिन अधिकारी कलेक्टर को गुमराह करते रहे और ठेकेदार ने गुणवत्ताहीन कार्य करवाकर शासन के लाखों रूपये की होली खेल ली।
विधायक ने किया निरीक्षण
इस संबंध में जैसे ही बड़वारा विधायक विजय राघवेन्द्र सिंह को शिकायत प्राप्त हुई उन्होंने तत्काल अपने जनप्रतिनिधि गण के साथ ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि अटल ब्यौहार, स्वतंत्र चौरसिया, विराट पांडे, सिद्धार्थ दीक्षित, शैलेंद्र पौराणिक, कुलदीप तिवारी, सुजीत बाजपेयी, श्रेष्ठ बाजपेयी आदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ क्षतिग्रस्त पुल का मुआयना किया और अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जल्द से जल्द पुल को ठीक किया जाये। चूंकि बारिश का मौसम है जिस कारण से उक्त पुल से कोई बड़ी घटना भी घटित हो सकती है।
तत्कालीक अधिकारियों कर्मचारियों एवं ठेकेदार पर हो कार्यवाही
अल्प समय में ही लाखों रूपये की लागत से बनने वाला पुल क्षतिग्रस्त एवं पुल के एक हिस्से की परतें उखड़ने के कारण ग्रामीण भी आक्रोशित है उनके द्वारा इस संबंध में मांग की गई है कि कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा मामले को संज्ञान में लेकर तत्कालीन अधिकारी कर्मचारियों एवं संबंधित ठेकेदार पर कार्यवाही की जावे और शासन को हुई इस क्षति की भरपाई भी इन्हीं लोगों से की जावे।

Related Articles

Back to top button