उमरियापान सहित ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास से मनाई गई होली, चौराहों पर तैनात रहा पुलिस बल

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में रंगों का पर्व होली बड़े ही उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया । सुबह से ही उमरियापान सहित ग्रामीण अंचलों में होली की रौनक देखने को मिली । बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए और एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं देते रहे।
गांव की गलियों से लेकर चौपालों और चौराहों तक होली का उत्साह दिखाई दिया । लोगों ने पारंपरिक तरीके से होली का आनंद लिया । युवाओं की टोलियां घर-घर पहुंचकर लोगों को रंग-गुलाल लगाती रहीं और होली की बधाइयां दी। महिलाओं ने भी घरों में विशेष पकवान बनाकर पर्व की खुशियां मनाईं ।
होली के अवसर पर क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का अनूठा उदाहरण देखने को मिला । लोगों ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक-दूसरे को गले लगाया और रंगों के इस पर्व को मिलजुलकर मनाया । छोटे छोटे बच्चों ने पिचकारी और रंगों के साथ दिनभर मस्ती करते नजर आई।
वहीं होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए उमरियापान थाना पुलिस भी पूरी तरह सतर्क रही । थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल के निर्देशन में नगर के प्रमुख चौराहों—झंडा चौक, न्यू बस स्टैंड, आजाद चौक, पुरवा मोहल्ला सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था । पुलिस द्वारा लगातार गश्त कर स्थिति पर नजर रखी जा रही थी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि होली प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का त्योहार है । इसे शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं तथा किसी भी प्रकार के विवाद या झगड़े से दूर रहें । उन्होंने लोगों से नशे में वाहन न चलाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की भी अपील की।
पुलिस की मुस्तैदी और क्षेत्रवासियों के सहयोग से उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में होली का त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ । पूरे दिन क्षेत्र में रंग, गुलाल, हंसी और खुशियों का माहौल बना रहा।



