प्रदेश स्तरीय आंदोलन में शामिल हुए संविदा कर्मी
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । मध्यप्रदेश नगर निगम, नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर पालिका के संविदा कर्मी 1 दिन का अवकाश लेकर भोपाल पहुंचे और प्रदेश स्तरीय धरना आंदोलन जो संचनालय के सामने आयोजित किया गया उसमें शामिल हुए।
प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। आंदोलन के दौरान बताया गया कि प्रदेश में कुल 413 नगरीय निकाय है। जहां के कर्मचारियों को तीन साल से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। चंदेरी, रायसेन, धामनोद समेत कई निकाय तो ऐसे हैं, जहां के कर्मचारियों को दो से तीन माह में सैलरी नहीं मिल रही है। सरकार ने आय के स्रोत कम कर दिए हैं। वहीं, राशि भी नहीं दी जा रही है। इस कारण कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़ रहे हैं। दूसरी ओर, 1 सितंबर 2016 तक के कर्मचारियों को विनियमित किया जा चुका है, लेकिन नगरीय निकाय के कर्मचारियों को नियमित नहीं किया गया है। पांच साल बाद भी आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
संजना ले के सामने धरना प्रदर्शन में निम्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया जिसमें निकायों में कार्यरत एक सितंबर 2016 तक के सभी संवर्गों के दैनिक वेतनभोगियों का नियमितिकरण (स्थायीकर्मी) किया जाने विभिन्न निकायों में पिछले 30 साल से कार्यरत 190 सामुदायिक संगठकों को नियमित किए जाने, निकायों में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर पूर्व से कार्यरत (स्थायीकर्मी) विनियमित अथवा दैनिक वेतनभोगियों को नियमित करने, निकायों को प्रदत्त चुंगीकर/यात्रीकर क्षतिपूर्ति राशि से अघोषित कटौती बंद करने, समझौते अनुरूप क्षतिपूर्ति राशि में वृद्धि की जाने, पुरानी पेंशन बहाल करने आदि मांगे शामिल की गई हैं।
नगर पालिका के संविदा कर्मियों ने आंदोलन में शामिल होने जाने से पूर्व एक लिखित आवेदन मुख्य नगर पालिका अधिकारी को देकर एक दिवस का अवकाश लिया और उसके बाद वह आंदोलन में शामिल होने के लिए भोपाल रवाना हुए।



