यजुवेंद्र कोरी को सौंपी गई सीईओ जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की कमान

विनोद पांडे का स्थानांतरण जबलपुर
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । विधानसभा चुनाव नजदीक है जिस कारण से निर्वाचन आयोग द्वारा पिछले तीन वर्षों से एक ही स्थान पर जमें अधिकारियों-कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा में पदस्थ सीईओ विनोद पांडे का स्थानांतरण जबलपुर जिले की बरगी जनपद में किया गया है। उनके स्थान पर जबलपुर जनपद पंचायत में पदस्थ सीईओ यजुवेन्द्र कोरी को ढीमरखेड़ा जनपद पंचायत की कमान सौंपी गई है। सरल, सहज और अपनी कार्यशैली को लेकर आमजनों के बीच यजुवेन्द्र कोरी की अलग ही पहचान है। जनपद पंचायत जबलपुर में यजुवेन्द्र कोरी का कार्यकाल सराहनीय रहा है।
आकांक्षा चौरसिया को भेजा गया रीठी, अजय मिश्रा होंगे ढीमरखेड़ा के नये तहसीलदार
जबलपुर के रांझी तहसील में पदस्थ रहीं आकांक्षा चौरसिया जिनका कुछ समय पूर्व ही स्थानांतरण कटनी जिले की ढीमरखेड़ा तहसील में किया गया था लेकिन अल्प समय में ही उनका स्थानांतरण रीठी तहसील में हो जाना क्षेत्र में चर्चाओं का केन्द्र बना हुआ है। सूत्रों ने बताया कि उनका तेज स्वभाव और नेताओं से बात करने का ढंग अजीब सा था। इस संबंध में कुछ नागरिकों एवं नेताओं ने प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा से शिकायत की थी और तत्काल संबंधित तहसीलदार को अन्यंत्र पदस्थापना की मांग की थी। लिहाजा कुछ ही माह में आकांक्षा चौरसिया को ढीमरखेड़ा से हटाकर रीठी तहसील भेजा दिया गया है। वहीं उनके स्थान पर जिला रीवा में पदस्थ तहसीलदार अजय कुमार मिश्रा को ढीमरखेड़ा तहसीलदार बनाया गया है। अजय कुमार मिश्रा का स्थानांतरण रीवा जिले से कटनी जिले में किया गया था। इस संबंध में कलेक्टर अवि प्रसाद द्वारा देर रात आदेश जारी करते हुये स्थानांतरित जिलों से आये हुये नायब तहसीलदारों और तहसीलदारों को नवीन प्रभार सौप दिये गये है।



