मध्य प्रदेश

खंभे व डीपी लगवा रहा था युवक, करंट से मजदूर की मौत

ठेकेदार अवैध रूप कार्य का मामला
बिजली कंपनी के जेई ने थाने में दिया आवेदन, पुलिस कर रही जांच

रायसेन । रायसेन शहर के पास मर्दानपुर गांव में शनिवार की सुबह 9.5 बजे करंट लगने से रमासिया निवासी एक 25 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मजदूर कमल सिंह बैरागी शनिवार को पहले दिन ही मजदूरी करने के लिए गया हुआ था। इस गांव में एक ठेकेदार द्वारा निजी स्तर पर खेत तक बिजली पहुंचाने के लिए खंभे लगाकर डीपी रखने का काम किया जा रहा था। इस काम की जानकारी बिजली विभाग को भी नहीं है। संबंधित ठेकेदार ने न तो खंभे और डीपी लगाने के काम की अनुमति बिजली कंपनी से ली और न ही काम करने के लिए बिजली बंद करने के लिए कोई परमिट लिया। इतनी बड़ी लापरवाही के बीच बिना प्रशिक्षित मजदूरों से बिजली का काम कराया जा रहा था। इस बड़ी लापरवाही के ही चलते एक युवा मजदूर की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शी और साथ काम कर रहे मजदूर किशोर सिंह ने बताया कि हम साइट पर सुबह 8 बजे पहुंच गए थे। इसके बाद खाना खाया और काम शुरु कर दिया। मैं नीचे खड़ा हुआ था, डीपी एक दिन पहले ही रखी जा चुकी थी। जंपर लगाने का काम किया जाना था। इसके लिए सुबह 9 बजे कमल सिंह बैरागी डीपी वाले खंभे पर चढ़ गया। इसी दौरान उसने तेज आवाज लगाई की करंट लग गया। लाइन तो नई थी, खंभा एलटी लाइन से टकरा जाने से करंट आ गया था। इसके कारण ये घटना हो गई।
इस संबंध में संजय पटेल, जेई ग्रामीण, बिजली कंपनी, रायसेन का कहना है कि बिजली के खंभे पर करंट लगने से मजदूर की मौत होने के मामले में हमने थाने में लिखित आवेदन दिया है। इस मामले की जांच कर संबंधित पर कार्रवाई की जाए। संबंधित ठेकेदार द्वारा खंभे और डीपी लगाने के लिए किसी भी तरह की कोई अनुमति नहीं ली थी।

Related Articles

Back to top button