मध्य प्रदेश

खेत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, नहीं हो सकी शिनाख्त

पुलिस ने मृतक की फोटो सोशल मीडिया पर डालकर थाने में सूचना देने के लिए फोन नंबर भी दिए

रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । रायसेन जिले के थाना उदयपुरा अंतर्गत गाडरवारा उदयपुरा रोड पर कृषि उपज मंडी के सामने सोमवार की सुबह लगभग 9 बजे सड़क किनारे खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। जिसकी सूचना चौकीदार द्वारा थाने में दी गई और टीआई व्हीबी सेंगर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
मृतक की उम्र देखने से करीब 50 वर्ष लग रही है।
टीआई व्हीबी सेंगर ने बताया कि उक्त शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं जांच के लिए एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वॉड के साथ फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया था। साथ ही सीसीटीवी फुटैज देखने पर पता चला कि उक्त व्यक्ति बोरास स्थित टोल पर दोपहर लगभग दो बजे देखा गया था। उस दौरान वह अकेला नंगे पैर पैदल चलकर ग्राम बोरास से उदयपुरा की तरफ जाता हुआ नजर आया। इस बीच उसने टोल कर्मियों से भी पांच से दस मिनट तक बात की थी। टोल कर्मियों के अनुसार उक्त व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर समझ में आ रहा था। उसने टोल पर नौकरी करने की बात टोल कर्मियों से की और लगभग 10 मिनट रुककर आगे एक मढ़िया के सामने सिर झुकाकर चलता देखा गया था।
मृतक के गले मे रुमाल का फंदा लगा मिला है साथ ही चेहरे पर खून के दाग भी है। ऐसे में यह मामला हत्या का है या आत्महत्या का अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर पोस्टमार्टम के बाद शिनाख्त के लिए मंगलवार तक रखा जाएगा। इस संबंध में पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर मृतक की फोटो डालकर शिनाख्त संबंधी सूचना थाने में देने के लिए फोन नंबर भी डाले हैं।

Related Articles

Back to top button