भीषण सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से युवक की मौत युवती गंभीर घायल

साईंखेड़ा के बगिया मोहल्ले के पास मोड़ पर हुआ हादसा दोनों भोपाल निवासी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
रिपोर्टर शिवकुमार साहू
सिलवानी। रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा ग्राम साईंखेड़ा के बगिया मोहल्ले के पास मोड़ पर हुआ, जहां आयशर ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक पर धर्मेंद्र मालवीय और शिवानी मालवीय सवार थे। दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें डायल 112 की मदद से सिविल अस्पताल सिलवानी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने धर्मेंद्र मालवीय को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल शिवानी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर कर दिया गया।
*डॉक्टर ने बताई घटनास्थल पर ही मौत*
सिविल अस्पताल के डॉक्टर आर.एस. पटेल ने बताया कि धर्मेंद्र की दुर्घटना में घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं शिवानी नाम की महिला घायल अवस्था में अस्पताल लाई गई थी, जिसे प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में देरी पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद घायल करीब आधे से एक घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे। इस दौरान लोगों ने डायल 112 और 108 एंबुलेंस को कई बार फोन किया, लेकिन सहायता पहुंचने में लगभग एक घंटे का समय लग गया। हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभागों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों और फरार ट्रक चालक की पहचान का पता लगाया जा रहा है।



