बाइक सवार तीन दोस्तों को डंपर ने टक्कर मारी, दो की मौत

रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
उज्जैन । बाइक पर सवार तीन दोस्तों को बुधवार सुबह एक डंपर ने टक्कर मार दी. हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद डंपर का ड्राइवर वाहन छोड़कर भाग गया. पुलिस प्रकरण दर्ज कर ड्राइवर की तलाश कर रही है।
नेमावर रोड पर हिट एंड रन का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक पर सवार उनका तीसरा साथी घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों बाइकसवारों को एक डंपर ने चपेट में लिया था। घटना के बाद डंपर छोड़कर ड्राइवर फरार हो गया. आजाद नगर टीआई इंद्रेश त्रिपाठी के मुताबिक घटना नेमावर रोड ब्रिज के नजदीक की है।
यहां रेत खाली कर खुड़ैल की तरफ जा रहे डंपर के ड्राइवर ने बाइक से जा रहे करण 19 वर्ष पुत्र संतोष रंगीले निवासी देवगुराड़िया और संजय 16 वर्ष पुत्र नानूलाल और अनिल को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गए. डंपर का पिछला पहिया करण और संजय के ऊपर से गुजरने से दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. यहां मौजूद लोगों ने पीछा कर डंपर को रोक लिया. इसके बाद डंपर का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक दोनों मृतक हरदा के पास कन्नौज ग्राम के रहने वाले हैं और तीन साल से इंदौर में रहकर मजदूरी कर रहे थे, पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है।



