बाढ़, जलभराव से फसलों को हुई क्षति के सर्वे कार्य की कलेक्टर ने की समीक्षा
रिपोर्टर : राजकुमार रघुवंशी
रायसेन । जिले में अतिवृष्टि, बाढ़ से फसलों को हुई क्षति के सर्वे कार्य की कलेक्टर अरविंद दुबे द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक सह वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल सभी एसडीएम, तहसीलदार से उनके क्षेत्र में सेक्टरवार सर्वे कार्य की जानकारी ली।
कलेक्टर दुबे ने अनुभागवार सभी एसडीएम से उनके क्षेत्रों के सेक्टर ऑफीसर्स द्वारा सर्वे रिपोर्ट जमा किए जाने के संबंध में जानकारी ली। जिन सेक्टर ऑफीसर्स द्वारा अभी तक सर्वे रिपोर्ट जमा नहीं की गई है, उन पर नाराजगी जाहिर करते हुए शीघ्र सर्वे रिपोर्ट जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने फसलों को हुई क्षति की मुआवजा राशि शीघ्र वितरण हेतु नियमानुसार कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश सभी एसडीएम को दिए।
कलेक्टर दुबे ने मकानों को हुई क्षति की मुआवजा राशि वितरण की जानकारी लेते हुए कहा कि मकानों को हुई क्षति की राहत राशि संबंधित व्यक्तियों के बैंक खाते में पहुंच गई है। सभी एसडीएम यह सुनिश्चित कर लें कि उनके क्षेत्र में प्रभावित व्यक्तियों को मकान क्षति की मुआवजा राशि प्राप्त हो गई है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर आदित्य रिछारिया सहित सेक्टर ऑफीसर्स उपस्थित थे। साथ ही वीडियो कॉफ्रेंस के माध्यम से सभी अनुभागों से एसडीएम, तहसीलदार सहित सेक्टर ऑफीसर बैठक में शामिल हुए।



