बिजली आपूर्ति ठप रहने से परेशान ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
ढीमरखेड़ा मार्ग हुआ प्रभावित, दूसरे दिन समस्या का निराकरण होने के आश्वासन पर माने ग्रामीण, पोंडी कला बी में डेढ़ माह से बिजली नहीं होने से परेशान रहे ग्रामीण
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । पोंड़ी कला बी में डेढ़ माह से विद्युत आपूर्ति ठप रहने से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को उमरियापान- ढीमरखेड़ा मार्ग पर धरना देते हुए चक्काजाम कर दिया। लगभग तीन घंटे के बाद ग्रामीण अधिकारियों की समझाइश पर माने, तब कही जाकर ग्रामीणों ने रास्ता खोला। इस दौरान सड़क पर दोंनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सोमवार सुबह बिजली की समस्या को लेकर पोंडी कला बी के ग्रामीण चर्चा करते हुए खिरवा बस स्टैंड के पास जमा हो गए और उमरियापान- ढीमरखेड़ा मार्ग पर चक्काजाम कर सड़क पर बैठ गए। गुस्साए ग्रामीणों ने सरकार और विधुत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी किया। ग्रामीणों के द्वारा चक्काजाम किए जाने से दोनो और वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिससे वाहन संचालकों सहित यात्री बसों में यात्रियों को भी परेशानी हुई। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने दिन से गांव बिजली नहीं है। लेकिन सोमवार को ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। ग्रामीणों के चक्काजाम किए जाने की सूचना जब पुलिस-प्रशासन और बिजली विभाग को मिली। ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अरविंद जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे, लेकिन ग्रामीण नहीं माने।ग्रामीण सुबह 9 बजे से लेकर करीब 12 बजे तक सड़क पर बैठे रहे। थाना प्रभारी अरविंद जैन ने बिजली विभाग के अधिकारियों से समस्या को लेकर चर्चा किया और ग्रामीणों को समझाइश दी। अधिकारियों को अपनी समस्या बताने के बाद जब ग्रामीणों को अधिकारियों ने आश्वासन दिया तो वे मान गए। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि यह समस्या फिर निर्मित होती है तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में जनपद सदस्य श्रीकांत पटेल, सरपंच विनय ज्योतिषी, देवशंकर पटेल, पंकज तिवारी, जयप्रकाश शुक्ला, मोहित पाण्डेय, राहुल पाण्डेय, सत्यम पाण्डेय, वृंदावन पटेल, रोहित नाई, लाला पटेल, बिद्रास पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
मौके पर पहुँचे तीन ट्रांसफार्मर:- उमरियापान। ढीमरखेड़ा मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन करने की जानकारी लगी तो आनन फानन विधुत कंपनी के अधिकारियों ने तीन ट्रांसफार्मर भिजवाए। एक ट्रांसफार्मर खिरवा में लगवाया तो दो बिजली ट्रांसफार्मर पोंडी कला बी गांव में लगे। ग्रामीणों ने बताया कि 25-25 केवी के दो ट्रांसफार्मर लग गए हैं लेकिन 100 केवी का एक ट्रांसफार्मर जो जरूरी है वह नहीं लगा है। कल तक 100 केवी का ट्रांसफार्मर नही लगता है तो ग्रामीणों के द्वारा फिर से प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली समस्या से परेशान होकर पोंडी कला बी के ग्रामीणों ने दो दिनों पहले ढीमरखेड़ा एसडीएम नदीमा शीरी को ज्ञापन सौंपते हुए प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी।



