बूढ़ागंज से राहतगढ़ तक के मार्ग पर गड्ढों से मिलेगी निजात, रिन्यूवल कोट का काम शुरू
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सागर भोपाल मुख्य मार्ग बूढ़ागंज से लेकर राहतगढ़ तक करीब 45 किलोमीटर के मार्ग पर कई बार पैच वर्क कर गड्ढे भरने का काम किया गया लेकिन ठेकेदार द्वारा औपचारिकता पूरी करने के कारण वाहन चालकों को मार्ग के गड्ढों से निजात नहीं मिल पाई। अब एमपीआरडीसी विभाग द्वारा उक्त मार्ग पर रिनुवल कोट का काम शुरू करा दिया गया है जिस से उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही वाहन चालको को इस मार्ग के गड्ढों से निजात मिलने के साथ ही वाहनों में होने वाली टूट-फूट बंद हो सकेगी तथा आए दिन सड़क के गड्ढों के कारण हो रही दुर्घटनाओं पर भी विराम लग सकेगा।
मार्ग पर डामरीकरण का काम राहतगढ़ तिगड्ढे से वाटरफॉल के आगे तक निरंतर प्रगति पर है वहीं जिस क्षेत्र में मडिया बांध को लेकर ओवरफ्लो ब्रिज बनाया जा रहा है उसे छोड़कर शेष मार्ग पर डामरीकरण करने का काम पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर डल्लू कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। डामरीकरण का काम तो काफी पहले शुरू कर दिया गया था लेकिन प्लांट में गड़बड़ी आ जाने के कारण बीच में रोक दिया गया था। अब पुनः डामरीकरण का काम प्रगति पर है। डामरीकरण हो जाने से लोगों को जहां सफर में अधिक समय लगता था अब निर्धारित समय पर अपना सफर पूरा कर सकेंगे। विशेषकर बड़े वाहनों और चार पहिया वाहनों में जो टूट-फूट और वाहन के टायर पंचर होने से परेशानी हो रही थी उससे निजात मिल सकेगी।
दूसरी ओर मार्ग पर डामरीकरण के रिनुवल कोट की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश यादव ने आरोप लगाया गया है कि डामरीकरण का काम गुणवत्तापूर्ण नहीं कराया जा रहा गर्मियों के सीजन में ही वह जगह-जगह से उखड़ जाएगा। एमपीआरडीसी के अधिकारी डामरीकरण की गुणवत्ता पर ध्यान दें ताकि लंबे समय तक मार्ग का लाभ लोग उठा सकें।
इस संबंध में एमपीआरडीसी के असिस्टेंट मैनेजर एए खान का कहना है कि शीघ्र ही मार्ग पर डामरीकरण का रिनुवल कोट का काम पूरा करा लिया जाएगा। डामरीकारण गुणवत्तापूर्ण हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।



