मसूर और मटर की कटाई जोरों पर, दिन में होने लगा गर्मी का एहसास
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । अब सिर्फ रात में ही सर्दी का एहसास बचा है दिन में लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है मौसम बदलते ही मसूर और मटर की फसल कटाई के लिए तैयार हो चुकी है। कई इलाकों में किसान रबी फसल की कटाई में जुट गए हैं। तो कई स्थानों पर अभी फसल कटाई में करीब 15 दिन का समय लगने की बात कही जा रही है शहर के आसपास किसान मसूर- मटर की कटनी करने के लिए जुट गए है जिससे शहर सहित गांव के मजदूरों को भी रोजगार मिलने लगा है। बड़े किसानों के यहां बड़ी संख्या में मजदूरों को कटनी के काम में लगाया गया है। वहीं दूसरी ओर गेहूं की फसल अभी लहलहाने लगी है। किसानों के अनुसार पानी मिलने के कारण गेहूं का दाना भी पुष्ट हो गया है। बीते साल की अपेक्षा इस बार गेहूं की फसल काफी अच्छी बताई जा रही है। वहीं कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बार बीते वर्ष की अपेक्षा उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। फसल के पकने के समय प्रकृति के साथ देने के कारण किसानों को राहत मिली है। इसमें कई किसानों के खेतों के चने व मसूर की फसलें पक चुकी है। जिसकी कटनी के साथ-साथ थ्रेसिग भी शुरू हो गया है। हालांकि बाद में बोआई वाले किसानों के खेतों में तो अभी भी हरियाली छाई हुई है। वहीं दूसरी ओर अभी गेहूं की फसलें भी लहलहा रहीं हैं।किसानों का कहना है कि इस बार मावठे की बारिश होने के कारण किसानों को लाभ हुआ है जिसे फसलों का भराव अच्छा होने की उम्मीद दिख रही है। क्षेत्र में सबसे ज्यादा गेहूं, मटर, मसूर व चने की फसलें बोई जाती है। किसान सौरभ शर्मा, संजय पटेल, बालगिरी गोस्वामी, राजेन्द्र पटेल, अजहर पटेल, सौरभ यादव, अवधेश पटेल वीरू यादव ने बताया कि इस क्षेत्र में ज्यादातर गेहूं, चने की फसल बोई जाती है लेकिन इस बार गेहूं का रकवा घट गया है।



