मध्यान्ह भोजन का मंत्रियों ने चखा स्वाद, पुष्कर धरोहर तालाब का अवलोकन किया
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, जलसंसाधन एवं मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग मंत्री तुलसीराम सिलावट, उद्यानिकी एवं प्रसंस्करण राज्यमंत्री भारतसिंह कुशवाह द्वारा रायसेन जिले की सांची जनपद पंचायत के कस्बा दीवानगंज का दौरा किया
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। प्रदेश के तीनों मंत्रियों ने दीवानगंज के पुष्कर धरोहर तालाब का अवलोकन किया । उन्होंने तालाब में मछलियों के बीज भी डाले। ताकि मछुआरों का परिवार इन मछलियों को बाजार में बेंचकर संबल और आत्मनिर्भर बन सके। इस तालाब की जल संग्रहण क्षमता लगभग 14 हजार क्यूबिक लीटर है। उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं से भी चर्चा की। इस अवसर पर उद्यानिकी खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत बब्लू मीणा, जनपद पंचायत अध्यक्ष अर्चना सुनील पोर्ते, नगर परिषद सांची के अध्यक्ष रेवाराम पप्पू अहिरवार, कलेक्टर अरविंद दुबे, पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल सहित अन्य अधिकारी भी साथ रहे।
आंगनबाड़ियों के बच्चों का मध्यान्ह भोजन का मंत्रियों ने चखा स्वाद …..
जिले की जनपद पंचायत सांची की ग्राम पंचायत अम्बाडी में आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता जांची । साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से चर्चा कर बच्चों की संख्या, उनकी नियमित उपस्थिति तथा गतिविधियों की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित किए गए स्वास्थ्य बालक बालिका स्पर्धा की भी जानकारी ली। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत बब्लू मीणा, कलेक्टर अरविंद दुबे, जिला पुलिस अधीक्षक विकाश कुमार शाहवाल सहित अन्य अधिकारी भी साथ रहे।
18 टॉपर स्कूली छात्रों को मिलेंगे लेपटॉप….
मंत्रियों सहित कलेक्टर अरविंद दुबे ने बच्चों से संवाद कर शैक्षणिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन वितरण आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लैपटॉप के लिए चयनित स्कूल के 18 बच्चों को बधाई देते हुए सम्मानित भी किया।



