क्राइम

मां ही निकली अपनी तीन मासूम बच्चियों की हत्यारिन

अंधविश्वास के चलते दिया खौफनाक वारदात को अंजाम
रिपोर्टर : तारकेश्वर शर्मा
धार । मध्यप्रदेश के धार जिले के सरदारपुर के श्यामपुरा ठाकुर गांव में मंगलवार शाम को कुएं में तीन बच्चियों के शव मिलने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। तीनों बच्चियों की हत्या उनकी मां ने ही की थी। बच्चों के शव मिलने के बाद से ही पुलिस मां की तलाश कर रही थी ।
बुधवार सुबह पुलिस को बच्चों की मां टांडा खेड़ा गांव में मिली। जहां उसने पुलिस के सामने बच्चों की हत्या करने की बात कबूल की। पुलिस जांच में पता चला है कि महिला ने अंधविश्वास के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और अपनी ही तीन बच्चियों को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मंगलवार शाम को श्यामपुरा ठाकुर गांव में एक बच्ची का शव कुएं के पास और दो के शव कुएं के अंदर मिले थे। बच्चियों के साथ गई उनकी मां रजनी लापता थी।
पुलिस ने पूरी रात मां की तलाश की और खोजबीन के लिए देर रात तक कुएं को खाली करवाया, लेकिन उसका पता नहीं चला। बुधवार सुबह मां रजनी टांडा खेड़ा गांव में मिल गई, उससे पूछताछ करने के लिए एसडीओपी रामसिंह मेडा सहित पुलिस बल वहां पहुंचा। जहां रजनी ने बताया कि उसने ही तीनों बच्चिों की हत्या की है।
पुलिस के अनुसार महिला ने अंधविश्वास में उन्हें मौत के घाट उतार दिया। रजनी किसी तांत्रिक के संपर्क में थी, वहीं ग्रामीणों का
कहना है कि वह मानसिक रूप से परेशान थी और अचानक गुस्से में आ जाती थी।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के अनुसार महिला ने अंधविश्वास के चक्कर में इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस पूरे मामले की सघनता से जांच पड़ताल कर रही है और शीघ्र ही पूरे घटना क्रम का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button