दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल
स्टेट हाईवे 44 पर राय ढाबे के पास हुआ हादसा, घायलों को किया जिला अस्पताल रेफर
सिलवानी। सिलवानी-उदयपुरा स्टेट हाईवे 44,मार्ग पर सोमवार दोपहर दो बाइकों की आमने सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें ग्रामीणों की मदद से सिलवानी सिविल अस्पताल लाया गया जहां घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में रायसेन जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। हादसा सिलवानी से महज 3 किलोमीटर दूर राय ढाबे के पास हुआ। मृतक की पहचान दीपक उम्र 28 साल निवासी ग्राम अनघोरा तहसील उदयपुरा के रूप में हुई है जो सिलवानी से अपने घर लौट रहा था। वहीं, दूसरी बाइक पर दो लोग सवार थे जो ग्राम पठा निवासी सूरज केवट पिता काशीराम केवट उम्र 25 और रोशन केवट पिता शिवप्रसाद उम्र 25 साल सिलवानी की ओर आ रहे थे।
बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सूरज और रोशन गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल सिलवानी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रायसेन जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी पूनम सविता ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है उनके आने के पश्चात ही मर्ग कायम किया जाएगा।



