मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की पात्र हितग्राहियों को विधायक ने वितरित किए स्वीकृति पत्र
सिलवानी। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में आवेदन करने के बाद पात्र हितग्राही महिलाओं को स्वीकृति पत्र वितरण शुरू कर दिया गया है। तहसील के अलग-अलग क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों ने पात्र हितग्राही महिलाओं को योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए हैं। शुक्रवार को नगर में विधायक रामपाल सिंह राजपूत ने पात्र महिलाओं को स्वीकृति पत्र वितरित किए। आगामी 10 जून से इस योजना का लाभ मध्य प्रदेश की लाडली बहनों को मिलने लगेगा। योजना के अंतर्गत प्रतिमाह रूपए 1000 पात्र महिलाओं के बैंक खाते में जमा होने लगेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की महत्वकांक्षी योजना के लिए अभियान चलाकर पात्र हितग्राही महिलाओं के आवेदन भरवाए गए थे। आवेदनों के परीक्षण और दावे आपत्ति के बाद अब योजना के लिए पात्र पाई गई महिलाओं को योजना का स्वीकृति पत्र प्रदान किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत लाड़ली बहनों के खातों में 10 जून से राशि ट्रांसफर की जायेगी। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को संबोधित करते हुए विधायक रामपाल सिंह ने कहा कि मेरी बहनें आत्मविश्वास से भरी रहें और आत्मसम्मान से जिए। इसके लिए मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन किया गया है। यह योजना न सिर्फ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का आधार बनेगी बल्कि बहनों के जीवन में सामाजिक क्रांति का वाहक भी बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र बहनों के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये और वर्ष में 12 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। 10 जून से खातों में पैसे आना शुरू हो जाएंगे।



